.

आजमगढ़: होमगार्ड भर्ती परीक्षा का डीएम-एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण


13 केंद्रों पर दो पालियों में हो रही 03 दिवसीय परीक्षा,सुरक्षा व व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क


आजमगढ़: उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने शनिवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राजकीय इंटर कॉलेज जमुड़ी सठियांव तथा श्री दुर्गा जी स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंडेश्वर पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम व एसएसपी ने केंद्र व्यवस्थापकों, कक्ष निरीक्षकों एवं ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को निर्देश दिए कि परीक्षा पूर्णतः नकलविहीन, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से कराई जाए। उन्होंने अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनपद के कुल 13 परीक्षा केंद्रों पर तीन दिवसीय परीक्षा आयोजित की जा रही है, जो प्रतिदिन दो पालियों में संचालित हो रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक निर्धारित है। प्रत्येक पाली में 5808 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं, जिनके लिए सभी केंद्रों पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट व एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर सतत निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अतिरिक्त यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़-भाड़ पर नियंत्रण रखने के भी निर्देश दिए गए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन की कड़ी निगरानी एवं समुचित प्रबंधन के चलते जनपद में होमगार्ड भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराई जा रही है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment