उ० प्र० प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक इकाई पल्हनी ने किया शैक्षिक सम्मान समारोह का आयोजन
आजमगढ़: उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक इकाई पल्हनी, आजमगढ़ के तत्वावधान में शनिवार को नगर के हरिऔध कला केंद्र सभागार में शैक्षिक सम्मान समारोह एवं शिक्षोन्नयन गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधान परिषद् सदस्य (एमएलसी) देवेन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा नेता अखिलेश मिश्र गुड्डू, पूर्व विधायक बंदना सिंह, शिक्षक नेता वेदपाल सिंह, अविनाश राय और प्रदेश अध्यक्ष विनय तिवारी ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले और सेवानिवृत्त शिक्षकों को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और धार्मिक पुस्तक प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे शिक्षकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मुख्य अतिथि एमएलसी देवेन्द्र प्रताप सिंह ने शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन की पुरजोर मांग करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में समर्पित रहने वाले शिक्षकों को यह जरूर मिलनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा, "शिक्षक एक राष्ट्र निर्माता है इसे गुलाम न समझा जाए," क्योंकि उन्हें शिक्षण के अलावा 27 तरह के अन्य कार्य भी करने होते हैं। एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने यह भी आश्वस्त किया कि शिक्षकों को TET की परीक्षा नहीं देनी पड़ेगी, और उन्हें बड़ी राहत मिलने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने वरिष्ठता के आधार पर प्रमोशन को व्यवहारिक बताया और कहा कि शिक्षकों के लिए संघर्ष करने का उन्हें देवीय निर्देश मिला है। शिक्षक नेता वेदपाल सिंह ने संगठन के संघर्षों को याद करते हुए बताया कि 1952 से लेकर अब तक संघर्षों के बलबूते ही शिक्षकों का वेतन 90 रुपये से शुरू होकर आज 90 हजार तक पहुंचा है। उन्होंने चरित्र निर्माण में शिक्षा के मुख्य उद्देश्य पर ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रदेश अध्यक्ष विनय तिवारी ने शिक्षकों से हर मुद्दे पर डटकर मुकाबला करने का आह्वान किया और कहा कि संगठन ने हर उपलब्धि संघर्षों के दम पर प्राप्त की है। डायट प्राचार्य अमरनाथ राय ने शिक्षकों की तुलना करते हुए कहा कि एक शिक्षक पत्थर पर लकीर खींचने का काम करता है और देश के आर्थिक, सामाजिक उत्थान में अहम योगदान देता है। भाजपा नेता अखिलेश मिश्र गुड्डू ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम ही नहीं पढ़ाता, बल्कि समाज को राह दिखाने के साथ-साथ आइना भी दिखाता है। पूर्व विधायक श्रीमती बन्दना सिंह ने शिक्षकों के प्रति अपना गहरा लगाव व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक कभी रिटायर नहीं होता और आजीवन शिक्षक ही होता है। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह, जिला मंत्री जितेंद्र राय, अवधराज सिंह, उमाशंकर सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने नई शिक्षा नीति, विद्यालयों की चुनौतियों और शिक्षकों की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की। पल्हनी अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार सिंह ने सभी अतिथियों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अविनाश राय ने की और संचालन अंशु अस्थाना और कंचन मौर्य ने किया। इस अवसर पर बीईओ दिनेश वर्मा सहित भारी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment