.

आजमगढ़ के प्राचीन स्थलों के विकास को 617 लाख की मंजूरी


आठ विधानसभा क्षेत्रों में पर्यटन परियोजनाएं स्वीकृत, धार्मिक स्थलों का होगा जीर्णोद्धार

आजमगढ़/लखनऊ: जनपद आजमगढ़ की विभिन्न विधानसभाओं में स्थित प्राचीन धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के विकास के लिए बड़ी पहल की गई है। प्रदेश सरकार ने पर्यटन विभाग के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य योजना के अंतर्गत 08 परियोजनाओं के लिए स्वीकृत 889.77 लाख रुपये के सापेक्ष 617 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी है। यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं में सगड़ी, मुबारकपुर, लालगंज, सदर, निजामाबाद, फूलपुर-पवई, दीदारगंज तथा गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। सगड़ी विधानसभा के शिव मंदिर साल्हेपुर अजमतगढ़ के लिए 31 लाख रुपये, मुबारकपुर क्षेत्र के सठियांव ब्लॉक स्थित डिलिया गांव के प्राचीन हनुमान मंदिर के लिए 17 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसी तरह लालगंज क्षेत्र के ब्रह्म बाबा स्थल के लिए 75 लाख रुपये, सदर विधानसभा के दुर्वासा ऋषि आश्रम के लिए 65 लाख रुपये तथा नगर पालिका क्षेत्र स्थित एकलव्य स्थल व भगवान शंकर मंदिर के विकास हेतु 74 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है। निजामाबाद विधानसभा के दत्तात्रेय आश्रम के लिए 43 लाख रुपये, फूलपुर-पवई क्षेत्र के गढ़वा हनुमान मंदिर के लिए 1 लाख रुपये तथा दीदारगंज के शिवधाम बधवा महादेव पातालपुरी मंदिर और गोपालपुर विधानसभा के बिलरियागंज ब्लॉक अंतर्गत वर्जी हजियापुर स्थित तेजवर बाबा मंदिर के विकास हेतु 73 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पर्यटन मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश भर में धार्मिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की योजना पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि आस्था के साथ विकास की परिकल्पना को साकार करते हुए इन स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि स्वीकृत परियोजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी यूपीएसटीडीसी को सौंपी गई है और सभी कार्यों को गुणवत्ता व समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment