जिला ओलंपिक एसोसिएशन है आयोजक, 1200 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना,इच्छुक खिलाड़ी संपर्क करें....
आजमगढ़: जिला ओलंपिक एसोसिएशन आजमगढ़ के तत्वावधान में जनपद में पहली बार विभिन्न खेल संघों के समन्वय से जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिताएं 23 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 30 अप्रैल 2026 तक आयोजित होंगी। यह निर्णय जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक की अध्यक्षता में उनके निज निवास बड़सरा खालसा पर आयोजित बैठक में लिया गया। जानकारी एसोसिएशन के सचिव अजेंद्र राय ने दी। प्रतियोगिताओं का उद्घाटन 23 अप्रैल को शाम 5 बजे सुखदेव पहलवान स्टेडियम में होगा। इस आयोजन में कुल 8 खेलों—एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, खो-खो, कबड्डी, कुश्ती, योगासन और स्केटिंग—की प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। आयोजन संयोजक दिनेश सिंह के अनुसार एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी और कुश्ती की प्रतियोगिताएं सुखदेव पहलवान स्टेडियम में आयोजित होंगी। वहीं स्केटिंग प्रतियोगिता राहुल सांकृत्यायन स्कूल, लछीरामपुर में, खो-खो पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल में तथा योगासन प्रतियोगिता मंगलम मैरिज हॉल, सिधारी में कराई जाएगी। प्रतियोगिता में करीब 1200 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। आयोजन को सफल बनाने के लिए 60 तकनीकी रूप से दक्ष निर्णायकों की टीम भी तैनात की जाएगी। खेलवार जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है। एथलेटिक्स के लिए मुजम्मिल अहमद, बास्केटबॉल के लिए लक्ष्मण, बैडमिंटन के लिए प्रज्ञा राय, कुश्ती के लिए प्रवीण यादव, खो-खो के लिए राम सिंह, कबड्डी के लिए माया प्रसाद राय, योगासन के लिए अशोक गुप्ता और स्केटिंग के लिए शिवम यदुवंशी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष एस के सत्येन, उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह, कृष्ण मोहन त्रिपाठी, राजेंद्र प्रसाद यादव, पुनीत राय, प्रभाकर सिंह, कोषाध्यक्ष मनीष रतन अग्रवाल समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।इच्छुक खिलाड़ी अधिक जानकारी के लिए संयोजक दिनेश सिंह से मोबाइल नंबर 9415837310 पर संपर्क कर सकते हैं।
Blogger Comment
Facebook Comment