.

आजमगढ़: कोल्डड्रिंक में जहर देकर हत्या का मामला, दो आरोपी महिलाएं गिरफ्तार


पुरानी रंजिश में घर बुला कर पिलाया जहरीला पेय, इलाज के दौरान युवक की मौत

आजमगढ़: थाना तरवां क्षेत्र में कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर युवक की हत्या करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों अभियुक्ताओं को उनके घर से सुबह करीब 6:45 बजे महिला पुलिसकर्मियों की मदद से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, वादिनी प्रियंका सिंह पुत्री स्व. भोला सिंह निवासी महुवारी, थाना तरवां ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 16 अप्रैल 2026 को पुरानी रंजिश खत्म करने के बहाने उसके भाई को गांव की ही संध्या सिंह और अर्चना सिंह ने अपने घर बुलाया। वहां उसे कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान 17 अप्रैल को उसकी मौत हो गई। इस घटना के आधार पर थाना तरवां में मु0अ0सं0–71/2026 धारा 123/351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसे बाद में मृत्यु होने पर धारा 103(1) बीएनएस में परिवर्तित कर दिया गया। गिरफ्तार अभियुक्ताएं संध्या सिंह पत्नी स्व. अनिरुद्ध सिंह, निवासी ग्राम महुवारी, थाना तरवां, उम्र करीब 60 वर्ष और अर्चना सिंह पत्नी प्रवीण सिंह, निवासी ग्राम महुवारी, थाना तरवां, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 35 वर्ष हैं। थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्यवाही जारी है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment