.

आजमगढ़: मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत के मामले में आरोपी गिरफ्तार


बिलरियागंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आंबेडकर जयंती की तैयारी के दौरान हुई थी मारपीट


आजमगढ़ : जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना बिलरियागंज पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अम्बेडकर जयंती की तैयारी के दौरान हुई मारपीट में घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 अप्रैल 2026 को वादी प्रदीप कुमार पुत्र श्रीराम निवासी ग्राम नसीरपुर फतेहपुर थाना बिलरियागंज ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि उनके पिता अम्बेडकर जयंती मनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही निवासी सुरंजन कुमार ने इसका विरोध करते हुए रास्ते में रोककर मारपीट की और जोरदार धक्का दे दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना के आधार पर थाना बिलरियागंज में मु0अ0सं0 94/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 अप्रैल 2026 को उपनिरीक्षक इसरार अहमद खान मय हमराह टीम के साथ आरोपी को गुलवा नहर पुलिया के पास से दोपहर करीब 12:05 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त सुरंजन कुमार पुत्र रामचरन राम, निवासी ग्राम नसीरपुर फतेहपुर थाना बिलरियागंज, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 38 वर्ष है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ0नि0 इसरार अहमद खान, का0 छट्टू साहनी, का0 विरेन्द्र कुमार, थाना बिलरियागंज, जनपद आजमगढ़ थे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment