.

आजमगढ़: साइबर ठगी के पीड़ितों को राहत दिलाने वाले 5 पुलिसकर्मी सम्मानित



एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने प्रशस्ति-पत्र देकर बढ़ाया हौसला, त्वरित कार्रवाई से लौटाई गई धनराशि

आजमगढ़: साइबर अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर पीड़ितों को राहत दिलाने वाले पांच पुलिसकर्मियों को बुधवार को सम्मानित किया गया। डॉ. अनिल कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ ने पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सभी को सम्मानित किया।
एसएसपी के निर्देशन में साइबर हेल्पडेस्क पर तैनात पुलिसकर्मियों ने वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों की धनराशि को होल्ड एवं रिफंड कराया। इस सराहनीय कार्य के चलते न केवल लोगों को त्वरित राहत मिली, बल्कि पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास भी मजबूत हुआ।
सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक विश्वजीत पाण्डेय (साइबर हेल्पडेस्क प्रभारी, जियनपुर), उपनिरीक्षक प्रिन्स मिश्रा (कप्तानगंज), उपनिरीक्षक विश्राम गुप्ता (अहरौला), आरक्षी रोहित उपाध्याय (मुबारकपुर) एवं आरक्षी नीरज कुमार (कोतवाली) शामिल रहे। इस अवसर पर चिराग जैन (अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण), विवेक त्रिपाठी (अपर पुलिस अधीक्षक यातायात) तथा क्षेत्राधिकारी सगड़ी अनिल कुमार वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस विभाग के इस प्रयास से साइबर अपराधों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई का संदेश गया है और आमजन को राहत मिलने से भरोसा भी बढ़ा है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment