.

आजमगढ़: साइबर ठगी में गई रकम वापस, निजामाबाद पुलिस की तत्परता रंग लाई


NCRP पोर्टल के जरिए ₹20 हजार पीड़ित के खाते में लौटे, पुलिस ने बताए बचाव के उपाय

आजमगढ़: जनपद में साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना निजामाबाद पुलिस ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड में ट्रांसफर हुई ₹20,000 की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस कराई है। पुलिस की त्वरित सक्रियता और समन्वय के चलते पीड़ित को बड़ी राहत मिली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना निजामाबाद क्षेत्र के ग्राम मिठ्ठनपुर हादी अली निवासी विजय कुमार पुत्र रामधनी चौहान ने दिनांक 05 दिसंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया खाते से भूलवश ₹20,000 की राशि ICICI बैंक के एक खाते में ट्रांसफर हो गई। जब उन्होंने संबंधित व्यक्ति से धन वापसी की मांग की, तो उसने इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संख्या 33112250174899 के आधार पर पुलिस ने NCRP पोर्टल के माध्यम से जांच शुरू की, जिसमें धनराशि गुजरात के अहमदाबाद स्थित ICICI बैंक खाते में पाई गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उक्त खाते में ₹20,000 की राशि होल्ड करा दी। थानाध्यक्ष निजामाबाद हिरेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन में साइबर टीम प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप आनन्द व उनकी टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पीड़ित को न्यायालय से धन वापसी का आदेश दिलाया। इसके बाद संबंधित बैंक अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर दिनांक 21 अप्रैल 2026 को पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। पैसे वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने आमजन के लिए साइबर ठगी से बचने के उपाय भी बताए -किसी भी अज्ञात व्यक्ति या खाते में पैसे भेजने से पहले पूरी जानकारी की जांच करें। गलती से पैसा ट्रांसफर होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत करें। OTP, पासवर्ड या बैंक डिटेल्स किसी के साथ साझा न करें। संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज से सावधान रहें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment