झंडा विवाद,पुलिस की कार्रवाई और मूर्ति हटाने के मुद्दे पर सपा जिलाध्यक्ष ने लगाया आरोप
आजमगढ़: समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव किया जा रहा है तथा उनके ऊपर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि 12 अप्रैल 2026 को थाना मेंहनगर क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर स्थित गौतम नगर चट्टी पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर लगाए गए पंचशील व राष्ट्रीय ध्वज को कुछ लोगों द्वारा हटाकर मारपीट की गई। आरोप लगाया कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया और झंडा हटाकर दूसरा झंडा लगाया गया। सपा जिलाध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि थाना जहानागंज में एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे कुछ लोगों के साथ पुलिस द्वारा मारपीट की गई, जिससे वे अस्पताल में भर्ती हैं। इसके अलावा थाना निजामाबाद क्षेत्र के एक गांव में अंबेडकर प्रतिमा को प्रशासन द्वारा हटाए जाने को उन्होंने बाबा साहब के विचारों पर हमला बताया। उन्होंने 28 मार्च 2026 को जीयनपुर क्षेत्र में हुए एक एनकाउंटर मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि दबाव में आकर एक आरोपी को जेल से रिहा कराया गया, जो गंभीर विषय है। सपा ने इसे कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला बताया। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जाति और धर्म के आधार पर उत्पीड़न की घटनाएं नहीं रुकीं तो पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी। प्रेस वार्ता में मौजूद राम आसरे विश्वकर्मा (राष्ट्रीय सचिव, पूर्व मंत्री) समेत अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे। सपा ने घोषणा की कि 14 अप्रैल 2026 को अंबेडकर जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Blogger Comment
Facebook Comment