बलिया के रहने वाले हैं दोनों, 3 लाख रुपये का मादक पदार्थ व मोबाइल बरामद
आजमगढ़ : जनपद में अपराध एवं मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जहानागंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 21 किलो 667 ग्राम गांजा के साथ दो अंतर्जनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार 12 अप्रैल की शाम थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त व चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कादीपुर-चक्रपानपुर मार्ग स्थित तरछा पुलिया के पास मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति गांजा लेकर कहीं जाने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए दौड़ाकर दोनों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम अंकित यादव पुत्र दिनेश यादव, निवासी कोड़रा थाना चितबड़ागांव जनपद बलिया और रजनीश यादव पुत्र नंदलाल यादव, निवासी रूदवापुर थाना सिकंदरपुर जनपद बलिया बताया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 20 बंडलों में कुल 21 किलो 667 ग्राम गांजा तथा 3 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों ने तस्करी की बात स्वीकार की है। इस संबंध में थाना जहानागंज पर मु0अ0सं0 86/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ0नि0 विनय कुमार, उ0नि0 बीरबल यादव, का0 ऋषि कुमार, का0 ओमप्रकाश यादव, का0 पवन सिंह व का0 सोनू गोड़ की अहम भूमिका रही।
Blogger Comment
Facebook Comment