मानव एकता दिवस पर संत निरंकारी भवन में रक्तदान शिविर का शुभारम्भ, बड़ी संख्या में लोगों ने किया रक्तदान
आजमगढ़: मानव एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को हरबंशपुर स्थित संत निरंकारी भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का शुभारम्भ जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने किया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने शिविर का निरीक्षण करते हुए रक्तदाताओं से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान एवं पुनीत कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने बताया कि एक यूनिट रक्त कई जिंदगियों को बचाने में सहायक होता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए। पहली बार रक्तदान करने पहुंचे युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि रक्तदान से स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता। शरीर द्वारा दान किया गया रक्त 24 से 48 घंटे के भीतर पुनः निर्मित हो जाता है, जिससे शरीर की कार्यप्रणाली पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ता। भीषण गर्मी के बावजूद शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने वालों की उन्होंने सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा, जिला अस्पताल के चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ तथा संत निरंकारी भवन से जुड़े पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। चिकित्सकों की टीम द्वारा रक्तदाताओं के स्वास्थ्य की जांच कर सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से रक्त संग्रहण सुनिश्चित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने मानव एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी सहयोग, सेवा और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।
Blogger Comment
Facebook Comment