.

आजमगढ़: 594 महिला प्रशिक्षुओं का पासिंग आउट परेड से पहले ग्रैंड रिहर्सल संपन्न





रिजर्व पुलिस लाइन में 20 टोलियों ने किया शानदार मार्च पास्ट, एसएसपी ने लिया तैयारियों का जायजा

आजमगढ़: रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में शुक्रवार को प्रशिक्षणरत 594 महिला प्रशिक्षुओं की प्रस्तावित दीक्षांत/पासिंग आउट परेड के दृष्टिगत ग्रैंड रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिहर्सल के दौरान प्रशिक्षुओं ने उत्कृष्ट अनुशासन, समन्वय और दक्षता का प्रदर्शन करते हुए शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। रिहर्सल में सभी प्रशिक्षुओं को 20 टोलियों में विभाजित किया गया था। सभी टोलियों ने तालमेल और अनुशासन के साथ कदमताल करते हुए परेड की झलक पेश की, जिससे आगामी पासिंग आउट परेड की भव्यता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने परेड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पासिंग आउट परेड को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय तरीके से आयोजित किया जाए।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी सहित क्षेत्राधिकारी नगर, सदर, बूढ़नपुर व अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। रिहर्सल के माध्यम से परेड की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया और संबंधित अधिकारियों को तैयारियों को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment