10 किलो गांजा बरामद उड़ीसा से मंगाकर पूर्वांचल में करते थे सप्लाई
आजमगढ़ : जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तहबरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा तस्करी में संलिप्त गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो महिला समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 10 किलो अवैध गांजा, मोबाइल फोन व नकदी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार 23 अप्रैल 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सूचना मिली, जिसके आधार पर नवापुरा मोड़ (ग्राम नवापुर) के पास घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मो0 साजिद पुत्र मो0 शाहिद निवासी तुर्कमानपुर, थाना राजघाट, जनपद गोरखपुर, रविता निषाद पुत्री राजेन्द्र निषाद निवासी मो0 चकरा अव्वल, थाना राजघाट, जनपद गोरखपुर (हाल पता– अमरूद मंडी, राजघाट), प्रीति निषाद पुत्री लक्ष्मण निषाद निवासी मो0 चकरा अव्वल, थाना राजघाट, जनपद गोरखपुर (हाल पता– अमरूद मंडी, राजघाट) शामिल हैं। तलाशी के दौरान मो0 साजिद के कब्जे से 6 किलो, रविता निषाद के पास से 2 किलो तथा प्रीति निषाद के पास से 2 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा एक ट्रॉली बैग, दो बैग, तीन मोबाइल फोन व ₹680 नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने तीनों को करीब 14:10 बजे हिरासत में लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा वाराणसी मंगाकर वहां से आजमगढ़, मऊ, गोरखपुर सहित अन्य जिलों में फुटकर बिक्री करते थे। महिलाओं के साथ होने के कारण उन पर कम संदेह होता था, जिससे वे आसानी से तस्करी कर लेते थे। इस संबंध में थाना तहबरपुर पर मु0अ0सं0 57/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्ता रविता निषाद के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ0नि0 लोकेश मणि त्रिपाठी, का0 मो0 आरिध अंसारी, का0 ऋषि कुमार व म0का0 अमृता यादव शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Blogger Comment
Facebook Comment