.

आजमगढ़: वैदिक शिक्षा के साथ आधुनिक तकनीक का संगम, ‘विद्या कास मास किडज़ी स्कूल’ का भव्य शुभारंभ





भारतीय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद सिंह ने दिया ‘मूल से आधुनिकता’ का मंत्र

आजमगढ़: जनपद के परानापुर (घोरठ) क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए ‘विद्या कास मास किडज़ी स्कूल’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नागेंद्र प्रसाद सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर विद्यालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय शिक्षा प्रणाली को आधुनिक दौर के अनुरूप ढालने पर विशेष जोर दिया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि अब समय आ गया है कि देश की शिक्षा प्रणाली को केवल परंपरागत ढांचे तक सीमित न रखते हुए भारतीय मूल्यों के साथ आधुनिक तकनीकी दक्षताओं का समावेश किया जाए। उन्होंने कहा कि भारतीय दर्शन और संस्कृति को 21वीं सदी की जरूरतों—जैसे क्रिटिकल थिंकिंग, डिजिटल लिटरेसी और इनोवेशन—के साथ जोड़ना ही सच्चे अर्थों में शिक्षा का भारतीयकरण है। उन्होंने बाल्यावस्था को शिक्षा का सबसे महत्वपूर्ण चरण बताते हुए कहा कि शिशु से 14 वर्ष तक की आयु बच्चों के मानसिक और बौद्धिक विकास का स्वर्णिम समय होता है। इस दौरान दिए गए संस्कार और कौशल जीवनभर काम आते हैं, इसलिए इस स्तर पर भारतीय मूल्यों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना बेहद जरूरी है। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें केवल नौकरी पाने की सोच तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने कौशल को पहचान कर रोजगार सृजन करने वाला बनना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में उन्होंने योग, आयुर्वेद और भारतीय संस्कृति के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब तक बच्चों का शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास संतुलित नहीं होगा, तब तक वे वैश्विक स्तर पर नेतृत्व नहीं कर सकते। इसलिए स्कूलों में इन विषयों का व्यावहारिक समावेश आवश्यक है।
इस दौरान विद्यालय द्वारा मेधावी छात्रों को पदक एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना देखने को मिली। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ‘विद्या कास मास किडज़ी स्कूल’ में वैदिक शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक विषयों जैसे कोडिंग, रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पढ़ाई भी कराई जाएगी, जिससे छात्रों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं शिक्षाविदों की उपस्थिति रही। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment