मुख्य अतिथि अजय यादव ने कहा—कड़ी मेहनत और निरंतरता ही सफलता की कुंजी
आजमगढ़: CBSE द्वारा 15 अप्रैल 2026 को घोषित हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में सर्वोदय पब्लिक स्कूल, आजमगढ़ की छात्रा साक्षी यादव ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर आजमगढ़ मंडल में प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन हुआ है। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में मंगलवार को सर्वोदय पब्लिक स्कूल परिसर में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अजय यादव (डायरेक्टर, टोंस रियलिटी) का विद्यालय के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव द्वारा अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर लव यादव का भी सम्मान किया गया। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि अजय यादव ने मेधावी छात्रा साक्षी यादव को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए टैबलेट एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। वहीं लव यादव द्वारा रिया यादव, प्रियांश यादव एवं हर्षित यादव को ₹5100 का चेक एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के अन्य मेधावी छात्रों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अजय यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।समारोह में विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
Blogger Comment
Facebook Comment