STF व मेंहनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दबोचा गया, हरियाणा से बिहार तक फैला था नेटवर्क
आजमगढ़ : जनपद आजमगढ़ के थाना मेंहनगर पुलिस व STF की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया अभियुक्त अंतरप्रांतीय गिरोह का सक्रिय सदस्य है, जो अवैध शराब तस्करी समेत विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। पुलिस के अनुसार, थाना देवगांव क्षेत्र में वर्ष 2023 में अभिलेखों के परीक्षण व क्षेत्र भ्रमण के दौरान यह तथ्य सामने आया था कि हरियाणा प्रांत के शातिर अपराधियों का एक संगठित गिरोह सक्रिय है। इस गिरोह का सरगना सुनील कुमार पुत्र रामकुमार पुनिया निवासी रुपावास, सिरसा (हरियाणा) है, जो अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अवैध शराब की तस्करी करता था। इसी गिरोह द्वारा 15 फरवरी 2023 को हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप को पुलिस ने बरामद किया था। इस मामले में थाना देवगांव पर मु0अ0सं0 70/2023 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में भी कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में व पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र द्वारा घोषित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में थाना मेंहनगर पुलिस व STF फील्ड यूनिट प्रयागराज की संयुक्त टीम ने 18 अप्रैल 2026 को शाम 6:45 बजे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त विकास सोरण पुत्र किताब सिंह निवासी ग्राम कोथकला, थाना हिसार, प्रांत हरियाणा बताया गया है। पुलिस ने अभियुक्त को ट्रांजिट रिमांड पर लाकर थाना मेंहनगर में दाखिल कर दिया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। अभियुक्त के खिलाफ हरियाणा, राजस्थान व बिहार समेत विभिन्न राज्यों में एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम व धोखाधड़ी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रणेंद्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अश्वनी कुमार सिंह, संतोष कुमार, रोहित सिंह, किशन चंद्र व STF फील्ड यूनिट प्रयागराज की यूनिट शामिल रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Blogger Comment
Facebook Comment