12 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा पर गृह मंत्रालय ने किया सम्मानित, एसएसपी ने दिया मेडल
आजमगढ़: जनपद आजमगढ़ में तैनात महिला उपनिरीक्षक सुनीता वर्मा को उनकी कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए “अति उत्कृष्ट सेवा मेडल” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा उनके विगत 12 वर्षों के सराहनीय योगदान को देखते हुए प्रदान किया गया। सुनीता वर्मा इससे पूर्व जनपद चंदौली और जौनपुर में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। वर्तमान में वे आजमगढ़ में कार्यरत हैं और अपने कार्यों के लिए लगातार प्रशंसा प्राप्त कर रही हैं। मंगलवार को पुलिस कार्यालय, आजमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. अनिल कुमार (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक) द्वारा उन्हें मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विवेक त्रिपाठी (अपर पुलिस अधीक्षक यातायात) एवं आस्था जायसवाल (क्षेत्राधिकारी सदर) भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने सुनीता वर्मा के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मठ पुलिसकर्मी विभाग के लिए प्रेरणा का स्रोत होते हैं।
Blogger Comment
Facebook Comment