कोतवाली-बरदह पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, गैंगेस्टर कृष्णचन्द्र राय गिरोह के सदस्यों को न्यायालय में पेश होने की चेतावनी
आजमगढ़: जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर करोड़ों की ठगी करने वाले गैंगेस्टर, हिस्ट्रीशीटर व भूमाफिया कृष्णचन्द्र राय गिरोह के विरुद्ध पुलिस ने शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना कोतवाली व थाना बरदह पुलिस की संयुक्त टीम ने फरार वांछित अभियुक्तों के खिलाफ धारा 84 बीएनएसएस के तहत मुनादी की कार्यवाही की। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, आजमगढ़ के आदेश के अनुपालन में पुलिस टीम ने गिरोह के वांछित अभियुक्त संगम राय उर्फ कुंदन राय पुत्र कृष्णचन्द्र राय व अन्य सहअभियुक्तों के घर पहुंचकर डुगडुगी बजवाई, नोटिस चस्पा किया और गवाहों की मौजूदगी में विधिक कार्रवाई पूरी की। लगातार दबिश के बावजूद अभियुक्तों के फरार रहने और आत्मसमर्पण न करने पर यह कदम उठाया गया। जांच में सामने आया कि थाना कोतवाली में दर्ज मु0अ0सं0 92/2026 के तहत गिरोह ने संगठित तरीके से फर्जी नक्शा-नजरी व दस्तावेज तैयार कर जमीन बेचने के नाम पर लोगों को झांसा देकर ₹33.30 लाख की ठगी की। आगे की विवेचना में खुलासा हुआ कि गिरोह ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 13 मामलों में लगभग ₹2.87 करोड़ की ठगी की है। पुलिस पहले ही गिरोह के सरगना कृष्णचन्द्र राय पुत्र अमरनाथ राय को गिरफ्तार कर जिला कारागार भेज चुकी है। गिरोह में उसकी पत्नी रेनू राय पत्नी कृष्णचन्द्र राय और पुत्र संगम राय उर्फ कुंदन राय सक्रिय रूप से शामिल बताए गए हैं। गिरोह के सरगना कृष्णचन्द्र राय के खिलाफ विभिन्न थानों में ठगी, जालसाजी, धमकी, लूट व गिरोहबंद अधिनियम के तहत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं रेनू राय और संगम राय उर्फ कुंदन राय पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे गिरोह की संगठित आपराधिक गतिविधियों का खुलासा होता है। पुलिस ने नियमानुसार अभियुक्तों के घरों पर मुनादी नोटिस चस्पा किया, डुगडुगी बजाकर सार्वजनिक घोषणा कराई, स्थानीय गवाहों के हस्ताक्षर कराए, निर्धारित समय में न्यायालय में उपस्थित होने की चेतावनी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि यदि अभियुक्तों के संबंध में कोई भी सूचना मिले तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें, ताकि जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
Blogger Comment
Facebook Comment