.

आजमगढ़: खोए मोबाइल लौटाने में जिले की पुलिस अव्वल, 256 फोन बरामद कर मालिकों को सौंपे



26 माह में 3820 मोबाइल रिकवर, कीमत 9.40 करोड़ रुपये; 8 थाने सम्मानित होंगे


आजमगढ़, 05 अप्रैल 2026। जनपद में खोए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर चलाए जा रहे अभियान में आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मार्च 2026 में कुल 256 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंप दिए, जिनकी अनुमानित कीमत 61 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में फरवरी 2024 से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। गुमशुदा मोबाइल धारक सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराते हैं, जिसके आधार पर पुलिस टीम मोबाइल फोन की ट्रेसिंग और बरामदगी करती है। रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने बरामद मोबाइल फोन उनके मालिकों को सुपुर्द किए। इस दौरान मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। पुलिस आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 607 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। वहीं पिछले 26 माह में कुल 3820 मोबाइल फोन रिकवर कर उनके मालिकों को लौटाए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 9 करोड़ 40 लाख रुपये है।
मोबाइल बरामदगी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले आठ थानों—मुबारकपुर, निजामाबाद, जीयनपुर, अहरौला, रौनापार, बरदह, जहानागंज और गंभीरपुर—को 200 से अधिक मोबाइल बरामद करने पर सम्मानित किया जाएगा। इन थानों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र व नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने पर तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते उसे ट्रेस कर बरामद किया जा सके।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment