03 अप्रैल को मुबारकपुर में युवक की चाकू मार कर की थी हत्या
आजमगढ़ (मुबारकपुर), 05 अप्रैल 2026। थाना मुबारकपुर क्षेत्र में हत्या के मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त चाकू समेत अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार 03 अप्रैल की रात ग्राम इस्लामपुरा में पड़ोसी के बीच हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल युवक मो. हस्सान की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में वादी नौशाद अहमद की तहरीर पर थाना मुबारकपुर में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। घटना के बाद से आरोपी इरफान पुत्र अब्दुल मन्नान (22) फरार चल रहा था। पुलिस टीम उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। रविवार को दामोदरपुर मार्ग पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, मोबाइल फोन, सफेद धातु की बिछिया तथा घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने आपसी विवाद में मो. हस्सान पर चाकू से हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह फरार था और पुलिस से बचने के लिए फायरिंग की। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मुरारी मिश्र, वरिष्ठ उपनिरीक्षक वीरेन्द्र यादव व उपनिरीक्षक सौरभ सिंह शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment