जिले में कोई कमी नहीं है,अफवाहों से बचें लोग, जमाखोरी या अवैध भंडारण करने पर होगी कड़ी कार्यवाही
आजमगढ़ : जनपद में पेट्रोल एवं डीजल की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देशन में मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पेट्रोल पम्प संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्य राजस्व अधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी पेट्रोल पम्पों पर पेट्रोल व डीजल की नियमित एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वाहन के साथ आने वाले उपभोक्ताओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल दिया जाए तथा जमाखोरी या अवैध भंडारण के उद्देश्य से खरीद करने वालों को किसी भी स्थिति में आपूर्ति न की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि पेट्रोल पम्पों पर स्टॉक उपलब्ध होने के बावजूद ‘स्टॉक नहीं है’ जैसे भ्रामक बोर्ड न लगाए जाएं। साथ ही सभी पम्पों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए, ताकि आपूर्ति व्यवस्था की प्रभावी निगरानी हो सके। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में मांग के अनुरूप पेट्रोल व डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और तेल कंपनियों द्वारा लगातार आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान में किसी प्रकार की कमी नहीं है और व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। मुख्य राजस्व अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल पम्पों पर भीड़ न लगाएं। उन्होंने जरूरत से अधिक पेट्रोलियम पदार्थ खरीदने से भी बचने का आग्रह किया। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि कोई व्यक्ति या फर्म पेट्रोल-डीजल की जमाखोरी या अवैध भंडारण करते पाया गया तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार सिंह, प्रभारी पेट्रोलियम पूर्ति निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, पेट्रोल पम्प एसोसिएशन के अध्यक्ष सुदर्शन अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं संचालक उपस्थित रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment