जांच में कैशियर, शाखा प्रबंधक और असिस्टेंट मैनेजर की भूमिका मिली संदिग्ध
आजमगढ़: अहरौला थाना क्षेत्र में बैंक कर्मियों की मिलीभगत से 6.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कैशियर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, ग्राम व्योहरा निवासी पुनवासी विश्वकर्मा ने 22 दिसंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि बड़ौदा यूपी बैंक की गोपालगंज शाखा के कर्मचारियों ने उन्हें गुमराह कर कूट रचित दस्तावेज तैयार किए और उनके खाते से अलग-अलग तिथियों में बिना जानकारी के 6.50 लाख रुपये निकाल लिए। शिकायत के आधार पर अहरौला थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान बैंक के तत्कालीन कैशियर राहुल कुमार, शाखा प्रबंधक महेश कुमार और असिस्टेंट मैनेजर कुनाल पंत की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 25 मार्च 2026 को अतरौलिया कस्बे से आरोपी कैशियर राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि इस प्रकार के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार अभियुक्त राहुल कुमार पुत्र धर्मबीर, निवासी एच.एन. 306 कसेरू बक्सर, मवाना रोड, थाना गंगानगर, जनपद मेरठ, उम्र लगभग 35 वर्ष है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विश्राम गुप्ता, कांस्टेबल उमेश गौड़, कांस्टेबल नरेन्द्र, कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह (थाना अहरौला, आजमगढ़) शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment