महराजगंज थाना क्षेत्र के गंगापुर पूरैनिया के पास हुआ हादसा
आजमगढ़: महराजगंज थाना क्षेत्र के गंगापुर पूरैनिया के पास घाघरा नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जैतपुर परशुरामपुर गांव निवासी अजमत पुत्र अकील अहमद किसी कार्य से गंगापुर पूरैनिया गया था। इसी दौरान घाघरा नदी के किनारे उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसे डूबते देखा तो शोर मचाते हुए बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक युवक नदी में समा गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे युवक का शव नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
Blogger Comment
Facebook Comment