बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर मोबाइल फोन लूट लिया था
आजमगढ़, 24 मार्च 2026। जनपद के जीयनपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल लूट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 18 मार्च 2026 को हरखोरी गांव निवासी अनूपचन्द ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन लूट लिया। इस मामले में जीयनपुर थाने पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटना के अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह के नेतृत्व में टीम लगातार प्रयासरत थी। इसी क्रम में 23 मार्च को उपनिरीक्षक श्यामजी यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों अभियुक्त लूटा गया मोबाइल बेचने की फिराक में रजादेपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आनन्द विहार कॉलोनी मार्ग पर घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देख दोनों भागने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए टीम ने उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शेषनाथ चौबे (निवासी बरोही फत्तेहपुर, बिलरियागंज) व सचिन कुमार (निवासी मार्हाकर्मनाथ पट्टी, रौनापार) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से लूटा गया सैमसंग गैलेक्सी A03 मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी व लूट के कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक श्यामजी यादव, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, कांस्टेबल अवधेश कुशवाहा, अजय कुमार व अक्षय प्रसाद की टीम शामिल रही।
Blogger Comment
Facebook Comment