.

आजमगढ़: सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण ने जिला कारागार का किया निरीक्षण


सचिव ने बाल बैरक का जायजा लिया,व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं

आजमगढ़, 24 मार्च 2026। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नितिका राजन ने मंगलवार को जिला कारागार आजमगढ़ का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण किशोर न्याय समिति, उच्च न्यायालय इलाहाबाद एवं जनपद न्यायाधीश के निर्देशों के अनुपालन में किया गया। निरीक्षण के दौरान सचिव ने कारागार स्थित बाल बैरक का जायजा लिया। यहां कुल 57 बंदी निरुद्ध पाए गए, जिनकी आयु 18 से 21 वर्ष के बीच है। इनमें 54 बंदी आजमगढ़ जनपद के तथा 3 बंदी बलिया जनपद के हैं। अभिलेखों के सत्यापन में कोई भी बंदी विधि विवादित किशोर श्रेणी में नहीं पाया गया। सचिव ने जेल अधीक्षक की उपस्थिति में कारागार के अभिलेखों का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान बंदियों ने बताया कि उनके मुकदमों की पैरवी के लिए अधिवक्ता नामित हैं तथा उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं है। बाल बैरक में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक पाई गई। इस दौरान सचिव ने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि यदि किसी बंदी के किशोर होने संबंधी न्यायालय का कोई आदेश प्राप्त होता है तो उसका तत्काल अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, जिन बंदियों को अधिवक्ता की आवश्यकता हो, उनके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को शीघ्र अवगत कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के समय जिला कारागार के अधिकारी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल से जुड़े अधिवक्ता एवं पराविधिक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment