आजमगढ़: कोतवाली थाना पुलिस ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पास कराने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से नकद धनराशि भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक मेहनगर थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक यादव ने तहरीर देकर बताया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान उसकी मुलाकात संजय कुमार भारद्वाज से हुई थी। आरोपी ने खुद को कोचिंग संचालक बताकर आर्मी, पुलिस व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन कराने का झांसा दिया। यूपीएसआई परीक्षा पास कराने के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग की गई और शुरुआती तौर पर 50 हजार रुपये ले लिए गए। इसके बाद बाजार से खरीदा गया फर्जी मॉक पेपर “टॉप सीक्रेट” बताकर दिया गया। परीक्षा में प्रश्नपत्र मेल न खाने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा संख्या 109/2026 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मंगलवार सुबह करीब 8:15 बजे पुरानी जेल बंधा रोड से आरोपी संजय कुमार भारद्वाज (42) निवासी कुतूपुर थाना जहानागंज और अजीत कुमार (34) निवासी कमथरी नूरपुर थाना चिरैयाकोट, जनपद मऊ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर पैसे ऐंठते थे और बाजार से खरीदे गए मॉक पेपर को “टॉप सीक्रेट” बताकर देते थे। बरामद ₹6,900 शेष बची रकम है। पुलिस के अनुसार अजीत कुमार के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मेहरे आलम, कांस्टेबल शैलेन्द्र प्रसाद व शिव कुमार मिश्रा शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment