सीसीटीवी कंट्रोल रूम व बायोमेट्रिक व्यवस्था जांची, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की दी चेतावनी
आजमगढ़, 14 मार्च। उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, निर्विघ्न और सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के साथ परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम और एसएसपी ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तथा डीएवी पीजी कॉलेज, आजमगढ़ पहुंचकर परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जांच की। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का अवलोकन किया तथा परीक्षार्थियों के बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान डीएवी पीजी कॉलेज में लगी 11 बायोमेट्रिक मशीनों में से तीन मशीनें खराब पाई गईं। अधिकारियों ने तत्काल संबंधित कर्मियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इसके बाद परीक्षा कक्षों का भी निरीक्षण किया गया, जहां सभी कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरे सक्रिय पाए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह सक्रिय रहने चाहिए और ड्यूटी में तैनात कर्मचारी लगातार उनकी निगरानी करते रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ड्यूटी में लगाए गए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे पूरी जिम्मेदारी और मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए पुलिस भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराएं। डीएम ने सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर भ्रमणशील रहकर निगरानी बनाए रखें। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा) गम्भीर सिंह, सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment