.

आजमगढ़: वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग में दो दिवसीय राष्ट्रीय नर्सिंग शिक्षा कार्यशाला संपन्न





विभिन्न संस्थानों के 500 नर्सिंग विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों का मिला प्रशिक्षण

आज़मगढ़: नर्सिंग शिक्षा में आधुनिक तकनीकों के समावेश और व्यावहारिक कौशल को मजबूत करने के उद्देश्य से वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस में दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए नर्सिंग विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा आधुनिक सिमुलेशन तकनीकों के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त किया।
पूर्वांचल के प्रतिष्ठित स्वास्थ्य सेवा संस्थान वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस, जो क्यूसीआई द्वारा ए-ग्रेड मेंटर इंस्टीट्यूट के रूप में मान्यता प्राप्त है, के तत्वावधान में तथा एरा नर्सिंग इंस्टीट्यूट के सहयोग से “रेवोल्यूशनाइजिंग नर्सिंग एजुकेशन एंड एडवांस सिमुलेशन ट्रेनिंग” विषय पर यह कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्देश्य सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण प्रणाली के माध्यम से नर्सिंग विद्यार्थियों और शिक्षकों को आधुनिक एवं उन्नत प्रशिक्षण प्रदान करना रहा। कार्यशाला की आयोजन अध्यक्ष प्रो. डॉ. रीना पांडेय (प्राचार्य, पीएचडी नर्सिंग) रहीं, जबकि कार्यक्रम के सफल संचालन और समन्वय में प्रो. सनी मेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यशाला के दौरान एरा नर्सिंग इंस्टीट्यूट से आए विशेषज्ञ वक्ताओं सनी मेल, प्रेम सिन्हा और कंचन राठौर ने प्रतिभागियों को आधुनिक नर्सिंग शिक्षा में उपयोग हो रही उन्नत सिमुलेशन तकनीकों, प्रशिक्षण उपकरणों और व्यावहारिक पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण विद्यार्थियों को वास्तविक क्लिनिकल परिस्थितियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रहा है।
दूसरे दिन नर्सिंग कंसल्टेंट स्टेट मेडिकल फैकल्टी लखनऊ की डॉ. एन. नीतू देवी तथा जेएचपीआईईजीओ की सीनियर प्रोग्राम ऑफिसर कल्पना पुस्तेला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं लाइफ लाइन एजुकेशन इंस्टीट्यूट से आए डॉ. शम्भू की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
दूसरे दिन प्रतिभागियों को एडवांस एंडोस्कोपी तकनीक, एडवांस ऑटोस्कोपी सिमुलेटर, एडवांस चेस्ट ऑस्कल्टेशन सिमुलेटर, एडवांस आईयूसीडी इंसर्शन, एडवांस पीपीएच मैनेजमेंट, एडवांस बोन मैरो एस्पिरेशन तथा एडवांस लंबर पंचर जैसी महत्वपूर्ण चिकित्सीय प्रक्रियाओं का सिमुलेशन आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इससे प्रतिभागियों को आधुनिक चिकित्सा प्रक्रियाओं से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान और कौशल प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने शोध और नवाचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रीय कार्यशाला को उत्तर प्रदेश नर्सिंग एंड मिडवाइव्स काउंसिल द्वारा तीन क्रेडिट प्वाइंट प्रदान किए गए। साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर वेदांता ग्रुप के डायरेक्टर विशाल जायसवाल ने कहा कि जनपद में पहली बार राष्ट्रीय स्तर का यह सेमिनार आयोजित किया गया है। इससे नर्सिंग छात्रों के कौशल विकास को नई दिशा मिलेगी और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न जनपदों से करीब 500 छात्रों ने इस कार्यशाला के लिए पंजीकरण कराया। उन्होंने बताया कि वेदांता नर्सिंग कॉलेज और एरा इंस्टीट्यूट अहमदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। भविष्य में इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित करने की योजना है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नर्सिंग छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment