घर से खेत पर गए थे,परिजनों ने तलाशा तो ट्यूबवेल के कमरे में लटका मिला शव
आजमगढ़: जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक बुजुर्ग द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के हरखपुर गांव निवासी राम उग्रह चौहान (65 वर्ष) पुत्र स्व. दूईज चौहान सोमवार की सुबह लगभग 10 बजे घर से निकलकर गागेपुर गांव के सिवान स्थित अपने ट्यूबवेल पर गए थे। परिजनों के अनुसार जब दोपहर में खाना खाने का समय हुआ और वह घर नहीं पहुंचे तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। इसके बाद परिजन उन्हें खोजते हुए खेत पहुंचे। जहां ट्यूबवेल के कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो राम उग्रह चौहान फांसी के फंदे से लटके हुए थे। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा बिलरियागंज थाने को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे और शव को फांसी के फंदे से उतरवाकर कब्जे में ले लिया। इसके बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया। बताया जाता है कि मृतक पहले रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहकर काम करते थे, लेकिन कुछ समय से घर पर ही रहकर मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन कर रहे थे। मृतक के परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Blogger Comment
Facebook Comment