हत्या के दो मामलों 15 दोषियों को उम्रकैद हुई थी, एसएसपी ने प्रशस्तिपत्र दिया
आजमगढ़: हत्या के दो अलग-अलग मामलों में प्रभावी पैरवी कर अदालत से दोषियों को सजा दिलाने वाले सात पुलिसकर्मियों को सोमवार को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में इन पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की। पुलिस के ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत थाना मुबारकपुर में वर्ष 2002 में दर्ज मुकदमा संख्या 87/2002 (धारा 147, 148, 149, 302, 120बी भादवि) में अदालत ने 12 आरोपियों — अफजाल, अलाउद्दीन, दिलशाद, वसीम अहमद, हुसैन अहमद, मु. अय्यूब फैजी, फहीम अख्तर, असरार अहमद, मु. याकूब, अली जहीर और इरशाद अहमद — को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास तथा प्रत्येक पर ₹66,500 अर्थदंड लगाया। इस मामले में प्रभावी पैरवी कर सजा सुनिश्चित कराने में चार पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं थाना मेहनाजपुर में वर्ष 2014 में दर्ज मुकदमा संख्या 706/2014 (धारा 302 भादवि व 3(2)5 एससी/एसटी एक्ट) में अदालत ने तीन आरोपियों — रोहित उर्फ कमलेश कुमार, सरजू राम और डम्पी सिंह उर्फ तेज प्रताप सिंह — को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही रोहित और सरजू राम पर ₹25,000-₹25,000 तथा डम्पी सिंह पर ₹50,000 का अर्थदंड लगाया गया। इस मुकदमे में तीन पुलिसकर्मियों की प्रभावी पैरवी रही। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने सम्मानित पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा और परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी पैरवी से अपराधियों को सजा दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने अन्य पुलिसकर्मियों को भी इसी तरह न्यायालय में मजबूत पैरवी कर अपराधियों को सजा दिलाने के लिए प्रेरित किया। प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने वाले पुलिस कर्मियों में मुख्य आरक्षी गजानन सरोज, मॉनिटरिंग सेल, मुख्य आरक्षी शैलेन्द्र कुमार यादव, मॉनिटरिंग सेल, आरक्षी ओम प्रकाश यादव, मॉनिटरिंग सेल, आरक्षी इमरान अंसारी, कोर्ट मोहर्रिर, आरक्षी कुलदीप पटेल, कोर्ट मोहर्रिर आरक्षी श्री प्रकाश यादव, कोर्ट पैरोकार थाना मुबारकपुर, आरक्षी तरुण पाण्डेय, कोर्ट पैरोकार थाना मेहनाजपुर कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरन पाल सिंह भी उपस्थित रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
Blogger Comment
Facebook Comment