आजमगढ़: साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ट्रेडिंग एप के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, पांच हजार रुपये नकद, एक पैन कार्ड तथा एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार थाना सिधारी क्षेत्र के अली असद कॉलोनी निवासी अब्दुल्ला पुत्र मंसूर अहमद ने 8 मार्च 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि मो. हारिस, नाज खान, मो. नदीम, मो. फाजिल और अशरफ समेत अन्य लोगों ने क्यूटेक्स नामक गेमिंग/ट्रेडिंग एप के माध्यम से पैसा दोगुना करने का लालच देकर सोशल मीडिया ग्रुप के जरिए लिंक भेजा और उसके मोबाइल नंबर को समूहों में जोड़ लिया। इसके बाद आवेदक और उसके परिजनों से करीब 1.5 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी कर ली गई। इस मामले में साइबर क्राइम थाना में मु0अ0सं0 11/26 धारा 318(4), 319(2), 111(4) बीएनएस व 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में साइबर क्राइम टीम ने 9 मार्च 2026 को सेमरहा क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मो. हारिस (30 वर्ष) पुत्र एजाज अहमद तथा अबू फाजिल (28 वर्ष) पुत्र मो. खालिद, निवासी ग्राम साहरिया थाना निजामाबाद शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 5000 रुपये नकद, एक पैन कार्ड और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों का चालान कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक योगेंद्र प्रसाद यादव, कांस्टेबल एजाज खान, सभाजीत मौर्य, रामाश्रय यादव तथा चालक कांस्टेबल महिपाल यादव शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment