.

आजमगढ़: महिला आयोग सदस्य ने की जनसुनवाई, 5 मामलों का मौके पर निस्तारण


कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और रानी की सराय थाने का भी किया निरीक्षण

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रिंयका मौर्या की अध्यक्षता में सोमवार को सर्किट हाउस सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला उत्पीड़न व अन्य मामलों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की गई। जनसुनवाई के दौरान कुल 16 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें घरेलू हिंसा, जमीनी विवाद सहित अन्य शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 5 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 11 मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस दौरान आयोग की सदस्य ने पीड़ित महिलाओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि उन्हें डरने की आवश्यकता नहीं है। महिलाओं को सशक्त, मजबूत, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनने की जरूरत है, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रह सकें। कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना और वन स्टॉप सेंटर योजना के बारे में जानकारी दी। जनसुनवाई के बाद आयोग की सदस्य ने ब्लॉक रानी की सराय स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की स्थिति सामान्य पाई गई और सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। इस दौरान साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए गए। इसके पश्चात थाना रानी की सराय का औचक निरीक्षण भी किया गया, जहां व्यवस्थाएं सामान्य पाई गईं। जनसुनवाई कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर, उप जिलाधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला दिव्यांग जन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, महिला थानाध्यक्ष, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला श्रम प्रवर्तन अधिकारी, बाल कल्याण समिति तथा वन स्टॉप सेंटर के कार्मिक उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment