भगवा रंग से रंगी मॉडिफाई गाड़ी बन रही थी ‘भौकाल’ का जरिया, वीडियो वायरल
आजमगढ़: जनपद में यातायात नियमों को लेकर सख्ती के बीच शुक्रवार को शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में एक अलग ही मामला सामने आया। बीच चौराहे पर पुलिस ने भाजपा नेता की मॉडिफाई गाड़ी को रोककर उस पर लगे कई अवैध मॉडिफिकेशन को हटवाया। बताया जा रहा है कि गाड़ी पर भगवान शिव की शिवलिंग लगाकर और पूरे वाहन को भगवा रंग से रंगवाकर शहर में घुमाया जा रहा था। इस गाड़ी को लेकर लंबे समय से शहर में चर्चा थी, लेकिन अब तक किसी अधिकारी ने कार्रवाई नहीं की थी। मामले की जानकारी मिलने पर एसपी ट्रैफिक विवेक त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और गाड़ी को चौराहे पर खड़ा कराकर उस पर लगे शिवलिंग और अन्य मॉडिफाई आइटम्स को हटवा दिया। साथ ही वाहन स्वामी को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। बताया जा रहा है कि यह गाड़ी भाजपा नेता महंत रामचंद्र गिरी की है, जो लंबे समय से इसे इसी तरह शहर में चला रहे थे। हालांकि बीच चौराहे पर हुई इस कार्रवाई से मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इधर, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। मामला आजमगढ़ शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन इलाके का बताया जा रहा है।
Blogger Comment
Facebook Comment