गोमांस तस्करी में सक्रिय संगठित गिरोह पर जहानागंज पुलिस की कार्रवाई
आजमगढ़, 30 मार्च। जहानागंज थाना पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी गोमांस तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में सक्रिय गिरोह के सदस्य बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में भ्रमण और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान जानकारी मिली कि फकरुद्दीन उर्फ फखरुद्दीन अपने साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह चलाता है, जो आर्थिक लाभ के लिए अवैध गतिविधियों में लिप्त है। इस गिरोह में सद्दाम उर्फ सद्दाम हुसैन व शगुफ्ता उर्फ सगुफ्ता बानो भी शामिल हैं। गिरोह के खिलाफ गैंगचार्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट की मंजूरी के बाद थाना जहानागंज में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। सोमवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक सविन्द्र राय पुलिस टीम के साथ वांछित अभियुक्तों की तलाश में थे। इसी दौरान पान चौक कस्बा बगीचा क्षेत्र से दोनों आरोपियों को करीब 12:50 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में फकरुद्दीन उर्फ फखरुद्दीन पुत्र जहीरुद्दीन और सद्दाम उर्फ सद्दाम हुसैन पुत्र जहीरुद्दीन निवासी पान चौक कस्बा बगीचा, थाना जहानागंज, आजमगढ़ हैं। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्त पूर्व में गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और गिरोहबंद अधिनियम से जुड़े मामलों में भी संलिप्त रहे हैं।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सविन्द्र राय, हेड कांस्टेबल राकेश यादव व कांस्टेबल प्रदीप यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को न्यायालय भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Blogger Comment
Facebook Comment