वित्त मंत्री से पूछा— क्या प्रधानमंत्री की साख रुपये के साथ गिर रही है
नई दिल्ली/आजमगढ़, 30 मार्च। आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव ने लोकसभा में देश की अर्थव्यवस्था और रुपये की गिरती स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने वित्त मंत्री से सीधे पूछा कि क्या सरकार इस बात को मानती है कि प्रधानमंत्री की साख रुपये के साथ गिर रही है। सांसद ने कहा कि एक समय डॉलर के मुकाबले रुपया करीब 60 के स्तर पर था, जो अब गिरकर 94-95 तक पहुंच गया है। ऐसे में सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के समय सरकार कुछ और कहती है और नीतियां बनाते समय कुछ और करती है। धर्मेंद्र यादव ने सरकार के दावों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि लगातार यह कहा जा रहा है कि देश की अर्थव्यवस्था दोगुनी हो गई है और दुनिया में दूसरे या चौथे स्थान पर पहुंच गई है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब रुपये की स्थिति पर जवाब दिया जाता है तो उसकी तुलना दक्षिण कोरिया की करेंसी ‘वॉन’, थाईलैंड की ‘बात’ और फिलीपींस की ‘पेसो’ से की जाती है। सांसद ने पूछा कि आखिर वह दिन कब आएगा जब भारत की मुद्रा की तुलना डॉलर, पाउंड और यूरो जैसी मजबूत मुद्राओं से की जाएगी। उन्होंने सरकार से यह भी जानना चाहा कि विकसित देशों की बराबरी करने की दिशा में ठोस प्रगति कब दिखाई देगी। धर्मेंद्र यादव के इस सवाल के बाद सदन में अर्थव्यवस्था और रुपये की स्थिति को लेकर चर्चा तेज हो गई।
Blogger Comment
Facebook Comment