खेत में लगे खंभे के स्टे रॉड में उतर रहे करंट की चपेट में आए,विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप
आजमगढ़: जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के छतौना गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 51 वर्षीय किसान की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान घनश्याम सिंह पुत्र राम नारायण सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और जांच में जुटी। मृतक के पुत्र अश्वनी सिंह ने बताया कि घनश्याम सिंह सुबह अपने खेत में सरसों की फसल काटने गए थे। उनके खेत के ऊपर से 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। खेत में लगे खंभे के सपोर्ट के लिए लगाए गए स्टे रॉड में उतर रहे करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों ने उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। मृतक के पुत्र अश्वनी सिंह ने थाने में तहरीर देकर विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। मौके पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य हरिकेश यादव ने भी बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए और मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संबंधित अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे तो प्रदर्शन और चक्का जाम किया जाएगा। मृतक पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर थे और अपने पीछे पत्नी कंचन सिंह, तीन पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। सभी बच्चे अविवाहित हैं। परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजा और कार्रवाई की मांग की है, ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके। इस संबंध में थानाध्यक्ष अहरौला अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और उसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Blogger Comment
Facebook Comment