.

आजमगढ़: 253 कुंतल चावल गबन का खुलासा, ट्रक का नम्बर बदल कर बेचने वाला गिरफ्तार


ट्रक समेत ₹15 हजार बरामद, सात लाख से अधिक के माल की हेराफेरी का मामला उजागर

आजमगढ़, 30 मार्च। बरदह थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट के नाम पर बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ट्रक का नंबर बदलकर 253 कुंतल चावल रास्ते में ही बेच देने वाले अन्तरजनपदीय आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रक और ₹15 हजार नगद बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह मामला करीब ₹7,08,400 मूल्य के चावल को गंतव्य तक न पहुंचाकर बेच देने से जुड़ा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत बरदह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना का सफल अनावरण किया। वादी नन्दलाल गुप्ता ने 29 जनवरी 2026 को थाना बरदह में सूचना दी थी कि उनकी फर्म राहुल ट्रेडिंग कम्पनी से 29 नवम्बर 2025 को 253 कुंतल चावल ट्रक संख्या UP65FT-1322 से दुर्ग (छत्तीसगढ़) भेजा गया था, जो गंतव्य तक नहीं पहुंचा। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
सोमवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पारा गेट के पास ट्रक को रोककर जांच की। चालक की पहचान रामाकान्त यादव उर्फ मेघू यादव पुत्र विजय कुमार यादव, निवासी घोघवा रामपुर, थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने ट्रक का असली नंबर UP65ET8991 होते हुए भी फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चावल को रास्ते में ही एक दलाल को करीब साढ़े पांच लाख रुपये में बेच दिया। आरोपी ने बताया कि बेचे गए माल से मिली रकम से उसने ट्रक की मरम्मत, किस्त भुगतान व अन्य निजी खर्च पूरे किए। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त ट्रक और ₹15,000 नगद बरामद किया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रितेश खरवार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेशचन्द्र मिश्रा सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment