.

आजमगढ़: कमिश्नर और डीआईजी ने मण्डलीय कानून-व्यवस्था की समीक्षा किया


सड़क हादसे कम करने पर दिया जोर,अवैध गतिविधियों पर सख्ती, गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश

आजमगढ़, 30 मार्च। मण्डलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में मण्डलायुक्त सभागार में कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह समेत तीनों जनपदों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। मण्डलायुक्त ने सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिया कि प्रभावी कार्रवाई कर सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम किया जाए। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर अवैध अस्पतालों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। रामनवमी और अन्य मेलों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन आपसी समन्वय से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखें।पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि नवरात्रि, रामनवमी, ईद और बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई हैं। आगामी महावीर जयंती, गुड फ्राइडे, परशुराम जयंती, अम्बेडकर जयंती और हनुमान जयंती को भी सकुशल संपन्न कराने की तैयारी है।उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान के तहत अवैध कट बंद कराए गए हैं तथा सीट बेल्ट, ड्रिंक एंड ड्राइव, ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है।बैठक में जिलाधिकारी आजमगढ़ रविन्द्र कुमार, जिलाधिकारी मऊ प्रवीण मिश्रा, जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक मऊ ईला मारन, पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment