.

आजमगढ़: एसएसपी ने अतरौलिया में तीन नई पुलिस चौकियों का उद्घाटन किया




जनसंवाद कर सुनी समस्याएं, मिशन शक्ति के तहत छात्राएं जागरूक की गईं

आजमगढ़, 28 मार्च 2026: जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में शनिवार को बड़ा कदम उठाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने अतरौलिया थाना क्षेत्र के अतरैठ, लोहरा और बढ्या में नवनिर्मित तीन पुलिस चौकियों का उद्घाटन किया। इन चौकियों के संचालन से सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी। उद्घाटन के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा जनसुनवाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग में पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई से ही आमजन का भरोसा मजबूत होता है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग में पूर्व में सेवा दे चुके लोगों को शॉल देकर सम्मानित किया गया। वहीं ग्राम प्रहरियों/चौकीदारों को सीटी, डोरी और टॉर्च वितरित कर सुरक्षा व्यवस्था में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके बाद एसएसपी ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। मिशन शक्ति अभियान 5.0 के द्वितीय चरण के तहत स्कूली छात्राओं को महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई और उन्हें शिक्षण सामग्री वितरित कर जागरूक किया गया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर कौस्तुभ त्रिपाठी समेत थाना अतरौलिया के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment