हथकरघा-पावरलूम पर तैयार साड़ियों की गुणवत्ता परखी, मजदूरी की भी ली जानकारी
आजमगढ़, 28 मार्च 2026: जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने शनिवार को रेशमी नगरी मुबारकपुर क्षेत्र के मोहल्ला कटरा में हथकरघा और पावरलूम इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यहां तैयार हो रही साड़ियों की गुणवत्ता का जायजा लिया और बुनकरों से सीधे संवाद कर उनकी मजदूरी संबंधी जानकारी भी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मुबारकपुर में बनने वाली साड़ियां बनारसी साड़ियों के नाम से देश-विदेश में पहचान रखती हैं, जिसे यहां के बुनकरों ने वर्षों से जीवित रखा है। उन्होंने साड़ी कारोबारियों से बातचीत कर साड़ियों की कीमत, उत्पादन के साथ ही आयात-निर्यात की स्थिति की भी जानकारी ली। इसके बाद जिलाधिकारी ने थाना मुबारकपुर के पास स्थित बुनकर विपणन केंद्र का निरीक्षण किया। यहां सभी 133 दुकानें बंद मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य से यह केंद्र स्थापित किया गया था, उसका समुचित उपयोग नहीं हो रहा है। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए टीम गठित करने तथा प्रमुख सचिव, हथकरघा विभाग को पत्र भेजकर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि पात्र व्यक्तियों को दुकानों का आवंटन कर विपणन केंद्र को सक्रिय किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, थानाध्यक्ष मुबारकपुर समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment