फर्जी दस्तावेजों से ली विदेशी नागरिकता,भारत में मतदाता बना रहा, SIR में फॉर्म भी भरा
आजमगढ़: निजामाबाद थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के जरिए मलेशिया की नागरिकता हासिल कर भारत में मतदाता बनकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नाम व पहचान बदलकर दोहरी पहचान के सहारे लंबे समय तक व्यवस्था को गुमराह किया। पुलिस के अनुसार ग्राम सुराई निवासी मो. कुद्दूस उर्फ कुद्दूस पुत्र अली रजा ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अपना नाम बदलकर “मोहम्मद कुद्दूस बिन रज्जाग शाह” कर लिया और मलेशिया की नागरिकता प्राप्त कर पासपोर्ट बनवा लिया। इसके साथ ही उसने ओसीआई कार्ड भी हासिल कर लिया था। जांच में खुलासा हुआ कि ओसीआई कार्ड धारक होने के बावजूद आरोपी का नाम ग्राम सुराई की मतदाता सूची में दर्ज था। वह भारतीय नागरिक के रूप में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठा रहा था। इतना ही नहीं, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान भी उसने मतदाता के रूप में फार्म भरकर अपनी वास्तविक स्थिति छिपाने का प्रयास किया। मामले के सामने आने पर थाना निजामाबाद में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान आरोपी को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया गया, जहां संतोषजनक जवाब और साक्ष्य न दे पाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 319, 335, 336(3), 338, 340 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर न्यायालय भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Blogger Comment
Facebook Comment