रौनापार थाना क्षेत्र का मामला, धार्मिक पुस्तक मोबाइल आदि बरामद
आजमगढ़ रौनापार थाना क्षेत्र में प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों व एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सत्संग के दौरान लोगों को लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार 24 मार्च को ग्राम अराजी नौबरार करखिया किता-1 (निवियहवा) में रामकिशुन के घर पर सत्संग का आयोजन हो रहा था। इसी दौरान महेन्द्र प्रजापति, उनकी पत्नी बिन्दू प्रजापति, अनिरुद्ध पटेल व अक्षय कुमार द्वारा लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किए जाने की सूचना मिली। इस पर थाना रौनापार में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने मंगलवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पचपुलिया इस्माईलपुर के पास घेराबंदी कर सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त रामकिशुन पुत्र परदेशी निवासी ग्राम अराजी नौबरार करखिया किता-1 (निवियहवा), थाना रौनापार, जनपद आजमगढ़ उम्र 74 वर्ष, महेन्द्र प्रजापति पुत्र खेताहू निवासी कासिमपुर जिगनी, थाना सिकरीगंज, जनपद गोरखपुर उम्र 45 वर्ष, बिन्दू प्रजापति पत्नी महेन्द्र प्रजापति निवासी कासिमपुर जिगनी, थाना सिकरीगंज, जनपद गोरखपुर उम्र 38 वर्ष, अनिरुद्ध पटेल पुत्र बेचन पटेल निवासी ग्राम कोलवा, थाना रौनापार, जनपद आजमगढ़ उम्र 42 वर्ष और अक्षय कुमार(25) पुत्र भोला निवासी ग्राम बड़ा गोड़ियाना, थाना रौनापार, जनपद आजमगढ़ हैं। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो बाइबिल, एक धार्मिक पुस्तक, एक नोटबुक व तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रमेश कुमार, उपनिरीक्षक रामविलास प्रसाद, कांस्टेबल विकास कुमार, चन्दन गौड़, जयप्रकाश वर्मा व महिला आरक्षी प्रथमा शामिल रहीं।
Blogger Comment
Facebook Comment