स्वास्थ्य विभाग ने सरायमीर क्षेत्र में की कार्रवाई, इलाके में हड़कंप मचा
आजमगढ़: जनपद में अवैध अस्पतालों व नर्सिंग होम के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने सरायमीर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अपंजीकृत जच्चा-बच्चा केंद्र को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के निर्देशन में, जिलाधिकारी के आदेश पर गठित टीम ने सरायमीर क्षेत्र के पुनर पोखर स्थित ‘जय माँ सर्वेश्वरी जच्चा-बच्चा केंद्र’ (माँ सरस्वती जच्चा-बच्चा केंद्र) का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि केंद्र बिना पंजीकरण के अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था और आवश्यक मानकों व अनुमतियों का पूरी तरह अभाव था। निरीक्षण के दौरान एक महिला के सिजेरियन ऑपरेशन में गंभीर लापरवाही की शिकायत भी सामने आई। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान महिला के आंतरिक अंगों को नुकसान पहुंचाया गया। साथ ही केंद्र में प्रशिक्षित स्टाफ, जरूरी चिकित्सकीय उपकरण और आपातकालीन सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं थीं। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए टीम ने तत्काल प्रभाव से अस्पताल को सील कर दिया और संचालकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सीएमओ डॉ. एन. आर. वर्मा ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध अस्पतालों व क्लिनिकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Blogger Comment
Facebook Comment