नमाज के बाद एक-दूसरे से गले मिलकर दी गईं ईद की बधाइयां
ईदगाहाहों और प्रमुख मस्जिदों के बाहर दिखा मेले जैसा माहौल
आजमगढ़: होली की गुझिया और ईद की सेवई की मिठास का कुछ अलग ही महत्व होता है। प्रेम की कटोरी में भाईचारे के मेवे के साथ परोसी गई सेवई ने मिठास का अलग ही अहसास कराया। ईद का त्योहार शनिवार को पूरे जनपद में उल्लासपूर्वक मनाया गया। जनपद के प्रमुख ईदगाहों व मस्जिदों में सुबह लोगों ने ईद की नमाज अता की और दुनिया में अमन चैन की दुआ मांगी। उसके बाद एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाइया दीं। इसके साथ ही गले मिलने और दावतों का दौर शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा। हर तरफ ईद की सेवई आपसी रिश्तों में मिठास घोलती नजर आई। एहतियात के तौर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। ईदगाह और प्रमुख मस्जिदों के बाहर खिलौने और गुब्बारे की दुकानें लगने से मेले जैसा दृश्य दिख रहा था। नगर के बदरका मोहल्ला स्थित ईदगाह पर अफसरों और जनप्रतिनिधियों आदि ने भी लोगों को ईद की बधाई दी। नमाज अता करने के बाद मुस्लिम भाई एक-दूसरे से गले मिलकर जहां ईद की शुभकामना दिए, वहीं तरह-तरह के बने पकवानों का भी लुत्फ उठाया। दावतों का दौर देर रात तक चलता रहा और लोग एक-दूसरे के घर पहुंचते रहे। अपने मुस्लिम मित्रों के यहां पहुंचने वालों में हिंदुओं की संख्या नवरात्र के कारण कुछ कम रही। वहीं दूर रहने वाले जो लोग एक-दूसरे से गले नहीं मिल सके उन लोगों ने मोबाइल का सहारा लिया। त्योहार को लेकर छोटे बच्चों में कुछ ज्यादा ही उत्साह दिखा। सुबह नमाज के बाद सबसे पहले अपने घर और उसके बाद अपने नन्हें दोस्तों के घर पहुंचने की उत्सुकता बच्चों में दिख रही थी। वैसे तो घर आने वालों के लिए तरह-तरह के पकवान पहले से तैयार कर लिए गए थे लेकिन गर्म चिप्स-पापड़ खिलाने के चक्कर में महिलाओं का ज्यादातर समय किचन में ही बीता। निजामाबाद में अनुसार-ईद की नमाज अता करने के बाद एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी गई। सेवइयां खिलाकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया गया। निजामाबाद के शाही जामा मस्जिद पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से नायब तहसीलदार नीरज कुमार त्रिपाठी, राजस्व निरीक्षक अनिल कुमार, लेखपाल संजय कुमार सिंह, नगर पंचायत निजामाबाद के सफाई नायब हरेंद्र यादव ड्यूटी पर तैनात रहे। मेंहनगर में ईदगाह लखरांव पोखरा में ईद की नमाज अरशद मौलाना ने 7.45 बजे अता कराई। थाना प्रभारी संजय सिंह मय फोर्स सुरक्षा के दृष्टि से उपस्थित रहे। सिधौना क्षेत्र के प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई। उसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेहनाजपुर थाना प्रभारी मनीष पाल अपने हमराहियों के साथ घूमते नजर आए। माहुल में पवई रोड स्थित ईदगाह पर सुबह साढ़े सात बजे ईद की नमाज अता हुई। माहुल के चेयरमैन लियाकत अली, एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली, अहरौला ब्लॉक प्रमुख शकील अहमद, हाजी अकरम खान, अनवर इदरीसी, पूर्व चेयरमैन बदरे आलम, भाजपा नेता सलमान कुरैशी ने नमाज अता किया और अल्लाह से लोगों की तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। इसी तरह क्षेत्र के मोलनापुर में मुशीर अहमद, निजामपुर में पूर्व विधायक अबुल कलाम, मखदुमपुर में पूर्व विधायक हाफिज इरशाद ने अपने समर्थकों के साथ नमाज अता किया। अतरौलिया में सुबह से ही क्षेत्र की जामा मस्जिद और इत्तेहादे मिल्लत में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां अमन-चैन और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं की गईं। जामा मस्जिद में सुबह 8.15 बजे और इत्तेहादे मिल्लत में 8.30 बजे ईद की नमाज अदा की गई।
Blogger Comment
Facebook Comment