शहर कोतवाली क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में जबरन जहर खिलाने का है आरोप
आजमगढ़: शहर कोतवाली क्षेत्र में युवती को रेस्टोरेंट में बुलाकर जहरीला पदार्थ खिलाने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना को लेकर इलाके में काफी चर्चा रही। पुलिस के अनुसार वादी की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में बताया गया कि आरोपी युवक पीड़िता को पहले से परेशान करता था। 19 मार्च 2026 को उसने एक परिचित के माध्यम से युवती को शहर के एक रेस्टोरेंट में बुलाया, जहां उसके साथ अभद्रता, छेड़छाड़ व मारपीट की गई। विरोध करने पर जबरन जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप है, जिससे युवती की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में थाना कोतवाली पर मु0अ0सं0 112/2026 धारा 105/123 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर आरोपी राहुल चौहान (25) पुत्र हरेंद्र चौहान निवासी कोतवाली क्षेत्र को प्राइवेट बस स्टैंड के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पीड़िता को पहले से जानता था और आपसी विवाद के दौरान मारपीट हुई, जिसके बाद युवती ने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। घटना के बाद वह घबराकर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Blogger Comment
Facebook Comment