.

आजमगढ़: चोरी की बाइक संग शातिर गिरफ्तार, पीड़ित की सूझबूझ से खुला राज


पूरे मामले का पर्दाफाश खुद पीड़ित की सतर्कता से हुआ

आजमगढ़, 23 मार्च। सरायमीर थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के एक मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह रही कि इस पूरे मामले का पर्दाफाश खुद पीड़ित की सतर्कता से हुआ। जानकारी के अनुसार, पठान टोला निवासी गुलजार अहमद 22 मार्च की रात अपनी बाइक (UP 62 BC 4446) से कस्बे में चाय पीने गए थे। वापस लौटने पर उनकी बाइक गायब मिली। उन्होंने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी और खुद भी तलाश में जुट गए। इसी दौरान खुदादपुर गांव के पास एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक का नंबर प्लेट हटाकर उस पर गैस सिलेंडर और गेहूं की बोरी लादकर ले जाता दिखाई दिया। शक होने पर गुलजार अहमद ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अताउल्लाह (निवासी सिरसाल, थाना रानी की सराय) बताया। पीड़ित आरोपी को लेकर सीधे सरायमीर थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक सुपर स्प्लेंडर बाइक, इंडियन गैस सिलेंडर और करीब 22 किलो गेहूं बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ आयुध अधिनियम, मारपीट व आबकारी समेत कई मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह और कांस्टेबल मिथिलेश यादव की भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जनपद में चोरी और अन्य अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment