आजमगढ़, 23 मार्च। कोतवाली थाना क्षेत्र में जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर 33 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, मधुबन-कन्धरापुर निवासी रूद्रान्श राय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कृष्ण चन्द्र राय और उसके सहयोगियों ने कोडर अजमतपुर स्थित जमीन को असली बताकर कूटरचित नक्शा व दस्तावेज दिखाए और किस्तों में भुगतान का झांसा देकर उससे 33.30 लाख रुपये ले लिए। बाद में जांच में सामने आया कि दिखाई गई जमीन का अधिकांश हिस्सा बंजर और असंबंधित गाटा संख्या का था। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी और फर्जी मुकदमे में फंसाने की बात कही। इस मामले में कोतवाली थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बाग लखराव पुलिया के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों जितेन्द्र कुमार पुत्र श्यामधारी, अभय कुमार पुत्र स्वर्गीय प्रमोद, विजय कुमार पुत्र स्वर्गीय सुरेश, महेन्द्र कुमार पुत्र बृजभूषण, दीपक पुत्र स्वर्गीय सुरेश हैं। सभी शहर कोतवाली के अजमतपुर कोडर के निवासी बताए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनके बैंक खातों में आई रकम को निकालकर मुख्य आरोपी कृष्ण चन्द्र राय व उसके परिवार के साथ बांट लिया गया था। गौरतलब है कि इस मामले का मुख्य आरोपी कृष्ण चन्द्र राय पुत्र सुखसागर राय, निवासी मुहम्मदपुर फेटी (थाना बरदह), हाल पता मोहल्ला बदरका (थाना कोतवाली), जनपद आजमगढ़, को 8 मार्च को ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
Blogger Comment
Facebook Comment