.

आजमगढ़ ई-बीएलओ ऐप से नामावली पुनरीक्षण में प्रदेश में अव्वल,कर्मियों को मिलेगा प्रोत्साहन


डीएम ने दी बधाई,कहा यह सामूहिक प्रयास, मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम

आजमगढ़ : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण में आजमगढ़ ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर लिया है। ई-बीएलओ ऐप के माध्यम से सबसे अधिक मतदाताओं का डाटा अपलोड कर जनपद ने यह उपलब्धि अपने नाम की। उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने यहां तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रोत्साहन धनराशि देने की घोषणा की है।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जुलाई 2025 से अप्रैल 2026 तक चल रहे पुनरीक्षण अभियान को जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में पारदर्शी व शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराया गया। इस दौरान जनपद के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बेहतर समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाई।
ई-बीएलओ ऐप के जरिए बूथ लेवल आफिसरों (बीएलओ) ने कुल 9,30,215 मतदाताओं का डाटा फीड किया, जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक रहा। इसी आधार पर आजमगढ़ को पहला स्थान मिला है।
जनपद में 1810 ग्राम पंचायतें, 2018 मतदान केंद्र व 6053 मतदान स्थल हैं। पुनरीक्षण कार्य के लिए 2153 बीएलओ और 354 सुपरवाइजर लगाए गए थे। सभी ने पूरी निष्ठा से कार्य कर लक्ष्य हासिल किया।
डीईओ रविन्द्र कुमार ने इस उपलब्धि पर सभी कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सामूहिक प्रयास, मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह जनपद नई उपलब्धियां हासिल करता रहेगा।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment