.

आजमगढ़: नव संवत्सर की पूर्व संध्या पर तमसा तट दीपों से जगमगाया





संस्कार भारती के सदस्यों ने वैदिक मंत्रों के बीच सूर्य को दिया अर्घ्य

आजमगढ़ : नव संवत्सर 2083 के आगमन की पूर्व संध्या पर संस्कार भारती आजमगढ़ के तत्वावधान में मां तमसा के पावन तट पर भव्य सांस्कृतिक व वैदिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर डूबते सूर्य को वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अर्घ्य अर्पित किया गया, वहीं 1008 दीपों से गौरीशंकर घाट आलोकित हो उठा।
कार्यक्रम के तहत जहां अस्ताचलगामी भगवान भास्कर का विधिवत पूजन कर अर्घ्य दिया गया, वहीं चैत्र शुक्ल प्रतिपदा की प्रातः काल गौरीशंकर घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य व प्रणाम कर हिन्दू नव संवत्सर का स्वागत शंख ध्वनि और आरती के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता अखिलेश मिश्र ‘गुड्डू’ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आए लोगों के माथे पर चंदन तिलक लगाकर प्रसाद वितरित किया गया। संस्कार भारती के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शहर के मुख्य चौक पर पहुंचकर एक-दूसरे को “नव संवत्सर मंगलमय हो” का बैज लगाकर शुभकामनाएं दीं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में फ्यूचर डांस एकेडमी, आजमगढ़ द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। अध्यक्षीय संबोधन में अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य विनोद अग्रवाल ने कहा कि जहां-जहां संस्कार भारती कार्य कर रही है, वहां हिन्दू नववर्ष का स्वागत इसी परंपरा के अनुसार किया जा रहा है। डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देना भारतीय संस्कृति की अद्वितीय परंपरा है, जो सुख और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने नूतन वर्ष पर विश्व के मंगल और कल्याण की कामना की। कार्यक्रम के संयोजक सुनील कुमार मिश्र व डा. पूनम तिवारी, सहसंयोजक मधु अस्थाना व अंजली बरनवाल रहीं। अंत में आर्यमंगढ़ अध्यक्ष व प्रांत मंत्री डा. डी.पी. तिवारी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। संचालन विजयेंद्र प्रताप श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर मंत्री शरद चंद तिवारी, कोषाध्यक्ष अरविंद बरनवाल, डा. डीपी अस्थाना, सुभाष चंद गुप्ता, उपाध्यक्ष आशीष गोयल, भारत भूषण तिवारी, अभय दत्त गोंड, अजय अग्रवाल, चंडिका नंदन सिंह, मनोज अस्थाना, विनय गुप्ता, विशाल उपाध्याय, गौरव मिश्र, राजेश रंजन, मुंशी निषाद, धर्मवीर चौहान, जया विजयेंद्र श्रीवास्तव, मधु अस्थाना, कनक लता तिवारी, सविता मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment