10 मार्च की रात पुलिस को देख मवेशी लदी स्कॉर्पियो छोड़ कर भागे थे
आजमगढ़: निजामाबाद थाना पुलिस ने गोवंश तस्करी और वध की कोशिश के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 10 मार्च 2026 की रात फरिहा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्ति-वाहन की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम असीलपुर के खेत-बगीचे में कुछ लोग स्कॉर्पियो वाहन से गोवंश उतारकर वध करने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचने पर पुलिस को देखकर वहां मौजूद तीन लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके पर खड़ी स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर उसमें दो गाय के बछड़े मिले, जिनके चारों पैर और मुंह रस्सी से कसकर बांधे गए थे। पुलिस टीम ने रस्सी खोलकर गोवंश को मुक्त कराया और वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। इस मामले में 11 मार्च को थाना निजामाबाद में मुकदमा संख्या 66/2026 धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम तथा धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान 12 मार्च की रात पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन संदिग्ध व्यक्ति निजामाबाद से फूलपुर मार्ग पर मोहनाठ हाइड्रिल के पास पुलिया के निकट घूम रहे हैं और सड़कों व खेतों में घूम रहे पशुओं को पकड़ने की फिराक में हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान मासूम परवेज उर्फ पप्पू निवासी जगदीशपुर थाना फूलपुर, मनोज कुमार सिंह निवासी खुरासो थाना फूलपुर और जयचन्द निवासी बनवीरपुर थाना फूलपुर के रूप में हुई। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ खेतों और सड़कों पर घूम रहे गोवंश को पकड़कर रस्सी से बांधते थे और स्कॉर्पियो में लादकर वध के लिए ले जाते थे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके दो अन्य साथियों की तलाश जारी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा, उपनिरीक्षक दिलीप आनंद, उपनिरीक्षक लच्छीराम राजभर, कांस्टेबल अवधेश सिंह, संजीव कुमार शर्मा और प्रशांत कुमार सरोज शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment